मिर्ज़ापुर
दहेज बढ़ाने की मांग पर तय शादी दो दिन पहले टूटी, बाद में पुलिस ने कराया सुलह
मडिहान थाना क्षेत्र के पटेहरा चौकी अंतर्गत एक युवती की शादी दहेज विवाद की भेंट चढ़ गई। शादी की निर्धारित तिथि से महज दो दिन पहले वर पक्ष ने दहेज की रकम बढ़ाने की मांग रख दी। लड़की पक्ष द्वारा बढ़ी हुई मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर वर पक्ष ने शादी से साफ इनकार कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से युवती समेत पूरा परिवार सदमे में है। मामला संतनगर थाना क्षेत्र के दीप नगर बाजार से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय सुनील पुत्र मुन्ना सोनकर की शादी पटेहरा चौकी क्षेत्र के एक गांव की युवती से लगभग एक वर्ष पूर्व तय हुई थी। दोनों पक्षों की सहमति से तिलकोत्सव संपन्न हुआ था और शादी की तिथि 5 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, कार्ड छप चुके थे और रिश्तेदार भी घर पहुंच चुके थे, लेकिन ऐन वक्त पर दहेज की अतिरिक्त मांग ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई, जिस पर मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाने को निर्देश दिए गए। इसके बावजूद थाना स्तर पर दोनों पक्षों के बीच सुलह कराकर शादी को समाप्त मान लिया गया और दिए गए दहेज के पैसे वापस कराए गए। लड़की पक्ष का कहना है कि इतने कम समय में दूसरी जगह शादी तय करना असंभव है और इस घटना से उनकी बेटी का भविष्य अंधकार में चला गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की आपसी सहमति से समझौता हुआ है और शादी नहीं हुई।
