गोरखपुर
दहेज प्रथा और गर्भपात का मामला
गोरखपुर। दहेज की मांग और गर्भपात कराने का आरोप, पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज”लंबी स्क्रिप्ट:गोरखपुर। समाज में व्याप्त दहेज की कुप्रथा ने एक बार फिर निर्दोष बेटी की जिंदगी पर कहर बरपा दिया। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़री निवासी रुचि मिश्रा ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के चार अन्य लोगों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया।
पीड़िता रुचि मिश्रा ने बताया कि उनकी शादी 10 दिसंबर 2024 को चंद्र प्रकाश पाठक से हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई। विवाह में पिता ने अपनी हैसियत अनुसार छह लाख रुपये नगद, बाइक के लिए तीन लाख रुपये, सोने की चेन, पांच अंगूठियां और अन्य घरेलू सामान भेंट किए। शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन कुछ महीनों बाद ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।
10 मार्च 2025 को शाम चार बजे पति, ससुराल पक्ष के अन्य चार सदस्यों ने कमरे में घुसकर रुचि मिश्रा की बेरहमी से पिटाई की। सास ने उसे सीढ़ियों से धक्का दिया, जिससे दो माह का गर्भ टूट गया। डॉक्टरों ने गर्भपात की पुष्टि की। इसके अलावा, ससुराल वालों ने पीड़िता के भाई की बुलेट बाइक, गहने और शैक्षणिक कागजात भी छीन लिए।
पीड़िता ने बताया कि पति ने विवाह विच्छेद का मुकदमा दाखिल करने के बाद माफी मांगते हुए उसे ससुराल बुलाया, लेकिन कुछ दिन बाद फिर प्रताड़ित कर सुलहनामा लिखवा कर मायके भेज दिया। इसके बाद उसे अलग घर में रखने का झांसा देकर धोखा दिया और फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोला थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना ने समाज में व्याप्त दहेज प्रथा और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की दर्दनाक हकीकत को फिर उजागर किया है।
