वायरल
थाना समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश
संतकबीरनगर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से थाना कोतवाली खलीलाबाद पर आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं। समाधान दिवस के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, आपसी मारपीट, कब्जा एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही मौके पर उपस्थित राजस्व एवं पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कई मामलों के त्वरित समाधान हेतु संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। थाना समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे और प्रशासन से न्याय की अपेक्षा जताई।
