Connect with us

जौनपुर

थानाध्यक्ष ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित

Published

on

महराजगंज (जौनपुर)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को रविवार को थाना परिसर में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय ने अंगवस्त्र व माला पहनाकर सम्मानित किया। लमहन गांव के स्वतंत्रता सेनानी रामदेव मिश्रा की पत्नी गीता देवी के पैर छूकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की वजह से ही आज हम आजादी की सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में सेनानियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। बिना किसी स्वार्थ के अपने परिवार की परवाह किए बगैर जिन सेनानियों ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया, उनकी कर्तव्यनिष्ठा और त्याग को जन-जन याद रखेगा।

सम्मानित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिजनों में लमहन गांव निवासी रामदेव मिश्रा के परिजन गीता देवी, शाहपुर नेवादा निवासी स्वर्गीय राम आधार सिंह के परिजन नरेंद्र सिंह, राम अछैवर मिश्र के परिजन कृपाशंकर मिश्र, महराजगंज के बंशीधर निगम के परिजन शिवम निगम, दूधनाथ उपाध्याय के परिजन हनुमान प्रसाद, शीतला प्रसाद के परिजन महेश उपाध्याय, इंदर राम यादव के परिजन रामकृपाल यादव और सराय पड़री के राज नारायण मिश्र के परिजन विनोद कुमार मिश्रा शामिल रहे।

थानाध्यक्ष ने कहा कि यह सम्मान स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति देश की कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है, जिसे हम हमेशा याद रखेंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन उपनिरीक्षक संजय कुमार ने किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page