गाजीपुर
त्योहार से पहले जमानियां में मिलावटखोरों पर ताबड़तोड़ छापा, दुकानदारों में हड़कंप
एसडीएम ज्योति चौरसिया व फूड विभाग की संयुक्त कार्रवाई
जमानियां (गाजीपुर) जयदेश। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र जमानियां कस्बा व स्टेशन बाजार क्षेत्र में उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने किराना दुकानों पर औचक छापेमारी की। अचानक पहुंची टीम को देखते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई, कई दुकानदार दुकान छोड़कर भाग निकले और घंटों तक कई दुकानें बंद रहीं।


कार्रवाई के दौरान कई दुकानों से सूजी, मैदा, सरसों तेल सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटखोरी व घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया, जिसमें कई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मानक के अनुरूप न पाए गए खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी और जनता के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दुकानदारों को चेतावनी दी कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। छापेमारी के दौरान रमेश चन्द्र पाण्डेय सहायक आयुक्त (खाद्य), धनंजय सिंह, विपिन कुमार गिरी व अरविन्द प्रजापति खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
