गोरखपुर
तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत
गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र में बीती शाम फोरलेन पर तेज रफ्तार से जा रही दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। गजपुर बाजार के पास हुए इस हादसे में एक बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसा गगहा थाना क्षेत्र में गजपुर बाजार के पास हुआ। बताया गया कि एक बाइक पर बासूडीहा निवासी रवि और गोलू सीयर मोड़ से बासूडीहा की ओर जा रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर बासूडीहा के ही रहने वाले हरेराम और रामबहाल गजपुर से सीयर मोड़ की तरफ जा रहे थे।
जैसे ही दोनों बाइकें गजपुर बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास पहुंचीं, उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय हरेराम और रामबहाल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक सवार बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
