दुर्घटना
तेज रफ्तार कार की टक्कर से मैजिक पलटी, एक श्रद्धालु की मौत, चार घायल
मिर्जामुराद (वाराणसी)। शुक्रवार सुबह विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की मालवाहक मैजिक को प्रयागराज की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक सड़क पर पलट गई, जिससे एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
घटना लालपुर चट्टी (मिर्जामुराद) के पास हाईवे पर हुई। बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव निवासी 65 वर्षीय श्रीकांत सिंह अपने रिश्तेदारों के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय जैसे ही मैजिक चालक ने होमगार्ड के इशारे पर गाड़ी रोकने की कोशिश की, तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मैजिक से टकरा गई।
एक की मौत, चार घायल
हादसे में मैजिक में सवार कुल 13 श्रद्धालुओं में से पांच लोग घायल हो गए। इनमें श्रीकांत सिंह गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में चोलापुर थाना क्षेत्र के नियार गांव निवासी अखिलेश कुमार सिंह (32), कमला देवी (50), राजकुमार चौहान (52) और सरोजिनी देवी (48) शामिल हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
कार चालक फरार
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।