Connect with us

वाराणसी

“तुम्हारे लड़के ने थाने में शिकायत क्यों की” ?

Published

on

खुलेआम फायरिंग कर फरार हुए बदमाश, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में देर रात जिम में हुए पुराने विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। चाय की दुकान और दो घरों के बाहर चार बदमाशों ने छह राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। दो बाइक पर सवार चार बदमाश खुलेआम फायरिंग करते हुए भाग निकले। हालांकि, गोली किसी को लगी नहीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मिली जानकारी के मुताबिक, चार दिन पहले रामनगर स्थित प्रभु नारायण इंटर कॉलेज के पास तिवारी कटरा के फिटनेस क्लब में डंबल उठाने को लेकर सौरभ शर्मा और हर्ष उपाध्याय के बीच विवाद हुआ था। मामला मारपीट तक पहुंचा और थाने में तहरीर दी गई थी। बाद में दोनों पक्षों का समझौता भी हो गया और पुलिस ने दोनों का चालान किया था।

इसी विवाद की कड़ी में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। दो बाइक पर सवार चार बदमाश खुलेआम फायरिंग करते हुए भाग निकले। पहली गोली जनकपुर निवासी हिमांशु राय के घर पर चली। दूसरी गोली दुर्गा मंदिर स्थित मनोहर चाय की दुकान पर और तीसरी गोली सौरभ शर्मा के घर के पास चली।

घटना की सूचना पाकर एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सौरभ शर्मा के घर पर गोली चलने की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी दो जगहों की पुष्टि नहीं हो पाई है। परिजनों से पूछताछ चल रही है। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित कर दी हैं।

Advertisement

सौरभ शर्मा के पिता उपेंद्र शर्मा, जो हेड कॉन्स्टेबल हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि विवेक सिंह नामक युवक ने फोन पर धमकी दी थी। उसने पूछा कि “तुम्हारे लड़के ने थाने में शिकायत क्यों की?” उपेंद्र शर्मा का कहना है कि आठ सितंबर को हुए विवाद के बाद भी धमकी दी गई थी। उन्हें आशंका है कि पुरानी रंजिश को लेकर दबदबा बनाने के लिए फायरिंग की गई।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page