वाराणसी
तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर अपनी काशी का आभार जताने 18 जून को आएंगे पीएम मोदी
9.26 करोड़ लाभार्थी किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे 20 हजार करोड़ रुपये किसान सम्मान निधि
स्वयं सहायता समूह की 30 हजार कृषि सखियों को प्रमाणपत्र देंगे प्रधानमंत्री
वाराणसी। तीसरी बार देश की सत्ता संभालने के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को ‘अपनी काशी’ पहुंचेंगे। 18वीं लोकसभा चुनाव परिणाम के उपरांत 18 जून से उनका दो दिवसीय वाराणसी दौरा होगा। प्रधानमंत्री सेवापुरी विधानसभा स्थित मेंहदीगंज में किसान सम्मान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। साथ ही दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री के साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री मेहंदी गंज की जनसभा में पीएम किसान सम्मान निधि की लगभग 20,000 करोड़ की 17 वीं क़िस्त जारी करेंगे और स्वयं सहायता समूहों की 30 हजार से अधिक महिलाओं को सर्टिफिकेट भी देंगे। बीजेपी ने किसान सम्मेलन में 50 हजार किसानों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र की जनता का धन्यवाद करने के लिए दो दिनों के दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचेंगे। काशी की जनता और भाजपा कार्यकर्ता अपने सांसद का भव्य स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शाम लगभग 3 :30 बजे आएंगे। वहां से मेंहदीगंज जनसभा स्थल पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री किसानों की जनसभा को सम्बोधित करेंगे और डीबीटी के माध्यम से लगभग 20 हजार करोड़ की किसान सम्मान निधि लगभग 9.26 करोड़ लाभार्थी किसानों के खाते में ट्रांसफर करेंगे। इसके अलावा, स्वयं सहायता समूह की 30 हजार महिलाओं को प्रमाण पत्र भी देंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नामांकन के पहले बाबा विश्वनाथ और माँ गंगा का दर्शन करने गये थे। चुनाव जीतने और प्रधानमंत्री पद की हैट्रिक लगाने के बाद एक बार फिर मंगलवार को वे बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाएंगे, साथ ही दशाश्वमेध पर माँ गंगा का दर्शन-आरती में भी शामिल होंगे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी के बाबतपुर स्थित ‘लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा’ पर पीएम मोदी की अगुवाई करने के बाद सभी कार्यक्रम में साथ रहेंगे। प्रधानमंत्री रात्रि विश्राम बरेका के गेस्ट हाउस में करेंगे। अगले दिन वह 19 जून की सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ काशी की जनता भी जुटी है। बीजेपी कार्यकर्ता ‘लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा’ के साथ ही मेहंदीगंज ग्राम सभा स्थल पर भव्य स्वागत करेंगे। पुलिस लाइन से लेकर दशाश्वमेध घाट व विश्वनाथ मंदिर गेट नंबर चार तक पूरे यात्रा मार्ग में काशीवासियों संग भाजपा कार्यकर्ता ढोल, नगाड़ा, डमरू दल के साथ शंखनाद एवं गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर पीएम का जोरदार स्वागत करेंगे।
