वाराणसी
तालाब में डूबकर बालक की मौत
वाराणसी। लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र के परमेश्वर महादेव मंदिर ऐड़े गांव के पास रविवार को तालाब में राज सोनकर नामक 13 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, टकटकपुर अनौला क्षेत्र के चार बच्चे एक साथ ऐड़े गांव के पास तालाब में नहाने गए थे। इस दौरान तीन बच्चे डूबने लगे। जिसमें दो किसी तरह से बाहर आ गये लेकिन राज सोनकर डूब गया। चारों बच्चों की उम्र लगभग 13-14 साल के बीच रही। कड़ी मशक्कत के बाद तालाब से एनडीआरएफ ने राज को ढूंढ निकाला। मौके पर पहुंची लालपुर पुलिस ने आगे की कार्रवाई में बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता लोकनाथ सोनकर सब्जी विक्रेता है और मां सुमन देवी गृहणी हैं। उनके चार बच्चों में राज सोनकर सबसे छोटा था और कक्षा सातवीं का छात्र था। घटना से परिवार का रोकर हाल बेहाल है।
