गोरखपुर
डीएम ने निर्माणाधीन परियोजनाओं व विशेष विद्यालयों का किया निरीक्षण
कार्यों में तेजी व गुणवत्ता के दिए निर्देश
गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कोनी स्थित निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन के आवासीय व अनावासीय भवनों तथा पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के आवासीय/अनावासीय कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं मॉडल का अवलोकन करते हुए निर्देश दिया कि सभी कार्य मानक के अनुरूप और समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। साथ ही परिसर में वॉटर लॉगिंग की समस्या न हो, यह सुनिश्चित करने और मैनपावर बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने तालनदोर स्थित निर्माणाधीन वेटरनरी कॉलेज का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कार्यदायी संस्था को प्राथमिकता के आधार पर समय से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए तालनदोर में निर्माणाधीन अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भी निरीक्षण किया गया। कार्यदायी संस्था द्वारा मिट्टी भराई का कार्य प्रगति पर बताया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने निर्माण में तेजी लाने तथा संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तालनदोर स्थित कान्हा गौशाला एवं बृहद गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत निर्माणाधीन एकीकृत आयुष चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया, जहां कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद जिलाधिकारी ने स्पर्श राजकीय दृष्टि बाधित बालिका इंटर कॉलेज का भ्रमण कर शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा एवं विशेष शिक्षण संसाधनों का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में मूक-बधिर बालकों के राजकीय विद्यालय का निरीक्षण करते हुए शिक्षण पद्धति, सांकेतिक भाषा आधारित शिक्षा, आवासीय सुविधा एवं सहायक उपकरणों की समीक्षा की। उन्होंने व्यावसायिक एवं कौशल विकास आधारित शिक्षा को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र के निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था व साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई और सुधार के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उच्च शिक्षा दृष्टिबाधित छात्रों के छात्रावास का निरीक्षण कर छात्रों से संवाद किया गया और समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। अंत में जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर पूरे परिसर में साफ-सफाई एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि समाज के वंचित एवं विशेष आवश्यकता वाले वर्गों के लिए संचालित संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
