पूर्वांचल
डीएम के बंगले और एसपी ऑफिस पर लाखों का बिजली बिल बकाया
शहर से लेकर गांव तक हजारों बिजली चोरों पर अब तक नहीं हुई कार्रवाई
जौनपुर। जिले में बिजली बिल बकाया रखने वालों की संख्या 28 हजार से अधिक है। डीएम के बंगले पर 7 लाख 2 हजार और एसपी के ऑफिस पर 26 लाख 68 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया है। अन्य सरकारी विभागों का बकाया 10 करोड़ रुपये से अधिक है।
कई सरकारी विभाग हैं जिनका 20 लाख से अधिक बकाया है। बिजली निगम की ओर से ऐसे बकायेदारों पर कोई कार्रवाई न किए जाने से राजस्व का तो नुकसान हो ही रहा है, साथ में आम उपभोक्ताओं को तमाम प्रकार की परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बता दें कि, जौनपुर जिले में 5.83 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें 55 हजार उपभोक्ता शहरी क्षेत्र में हैं। जबकि शेष 5.28 लाख उपभोक्ता ग्रामीण क्षेत्रों में है। इन सभी को 67 छोटे-बड़े विद्युत उपकेंद्रों से आपूर्ति दी जाती है। यहां तक की ज्यादातर गांव में लोग बिना मीटर के एसी भी चला रहे हैं जिसकी वजह से बिजली बिल में सेंधमारी की जा रही है।

बिजली निगम से मिले आंकड़ों के मुताबिक, जौनपुर जिले में कम और अधिक भार की क्षमता के 62 हजार ट्रांसफॉर्मर हैं, जिनसे विद्युत आपूर्ति की जाती है। बीते दिनों उमस वाली गर्मी ने पूरी बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया था। प्रतिदिन करीब 300 ट्रांसफार्मर जल रहे थे, जबकि इसके अनुपात में उनकी मरम्मत नहीं हो पा रही थी। कई क्षेत्रों में तो लोगों को एक हफ्ते से ज्यादा दिन तक इंतजार करना पड़ा।
आपूर्ति बदहाल होने के कारण जिले के बड़े बकायेदार व बिजली चोर भी हैं। बड़े बकायेदारों में नगर पालिका, पुलिस विभाग, कलेक्ट्रेट आदि भी शामिल हैं। इसके अलावा शहर से लेकर गांव तक में हजारों की संख्या में बिजली चोर भी चिह्नित किए गए हैं, जो कटिया मार कर घर की बिजली जलाते हैं और पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति पर दबाव होता है।

इनके खिलाफ बिजली निगम के बड़े अधिकारी सख्ती नहीं करते ना हीं कोई कार्रवाई ही कर रहे हैं, जिसका खामियाजा पूरे जिले को भुगतना पड़ रहा है।
