वायरल
डीएम-एसपी ने फीता काटकर किया मगहर महोत्सव का शुभारंभ
संतकबीर नगर। जनपद की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक धरोहर महान संत कबीर दास जी की परिनिर्वाण स्थली कबीर चौरा मगहर में 28 जनवरी से 02 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले छह दिवसीय कबीर मगहर महोत्सव-2026 का भव्य शुभारम्भ जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सद्गुरु कबीर साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर समाधि एवं मजार पर विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ एवं कबीर साहेब की प्रतिमा भेंट कर किया गया। विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ हुआ। इस अवसर पर कबीर चौरा के महंत हरिशरण दास जी, नगर पंचायत मगहर अध्यक्ष प्रतिनिधि नूरुलजमा (नुरूज्ज़मा) अंसारी, अपर जिलाधिकारीगण एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कबीर मगहर महोत्सव के सफल एवं गरिमामयी आयोजन हेतु आयोजक मंडल, प्रशासन एवं मीडिया बंधुओं को बधाई देते हुए कहा कि संत कबीर दास जी का जीवन दर्शन आज भी सामाजिक समरसता, सद्भाव और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने मगहर को पर्यटन एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल बताते हुए जनसामान्य से पूरे महोत्सव का आनंद लेने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संत कबीर दास जी धार्मिक कट्टरता के विरोधी एवं सामाजिक एकता के प्रतीक थे। मगहर में स्थित उनकी मजार और समाधि हिंदू-मुस्लिम एकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने महोत्सव के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जिनका जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा अवलोकन किया गया। सूचना विभाग द्वारा “उत्तर प्रदेश संदेश” एवं “विरासत भी, विकास भी” विषयक कैलेंडर का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में जनपद के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, कलाकार एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
