वाराणसी
डिजिटल ठगी करने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
वाराणसी। फर्जी ट्राई और सीबीआई अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय चाइनीज गैंग के मास्टरमाइंड को वाराणसी साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बहराइच जिले के प्रयागपुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ चिलवरिया निवासी निजाम अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और 1,740 रुपये बरामद किए हैं।
एडीसीपी क्राइम श्रुति श्रीवास्तव ने बताया कि चार दिसंबर को माधव नगर कॉलोनी, सारनाथ के निवासी अनुज कुमार यादव ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अनुज ने बताया कि साइबर ठगों ने उन्हें फर्जी “डिजिटल अरेस्ट” के जरिए ब्लैकमेल कर 98 लाख रुपये ठग लिए।
शिकायत के आधार पर इंस्पेक्टर विजय कुमार यादव ने मामले की जांच शुरू की। डिजिटल फुटप्रिंट, सर्विलांस और बैंक खातों की छानबीन के जरिए आरोपी निजाम अहमद का पता लगाया गया। आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने गिरोह के काम करने के तरीके और अन्य सदस्यों की तलाश में जांच तेज कर दी है।
