चन्दौली
डंपर के धक्के से साइकिल सवार अधेड़ की मौत
घर से सीमेंट लेने बाजार जा रहा था अधेड़, परिजनों में मचा कोहराम
चंदौली। बबुरी में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। बबुरी थाना क्षेत्र के मुगलसराय-चकिया मार्ग पर शनिवार को चरमोरवा गांव के पास साइकिल सवार अधेड़ को पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दिया। वहीं साइकिल पर सवार 60 वर्षीय अधेड़ अनियंत्रित होकर डंपर के नीचे आ गया, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने अधेड़ को नियमताबाद स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर जाते समय अधेड़ की रास्ते में मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बसंतपुर गांधी थाना जमालपुर, जिला मिर्जापुर के दशरथ बिंद (63) वर्ष के रूप में हुई। सूचना के बाद थाना प्रभारी विनोद मिश्रा भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और डंपर को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, रोते-बिलखते परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। इस संबंध में बबुरी प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया, वहीं डंपर को थाने लाया गया है।
