गोरखपुर
ट्रेन में सीट दिलाने के बहाने TTE पर युवती से दुष्कर्म का आरोप, कूदकर फरार
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर–अहमदाबाद रूट पर चलने वाली एक ट्रेन में सामने आई शर्मनाक घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। युवती ने आरोप लगाया है कि ट्रेन में तैनात एक टीटीई ने उसे सीट दिलाने का झांसा देकर अपने केबिन में बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी टीटीई चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।
पीड़िता के अनुसार, वह मऊ में परीक्षा देने के बाद गोरखपुर–अहमदाबाद ट्रेन से यात्रा कर रही थी। अत्यधिक भीड़ के कारण उसे सीट नहीं मिल सकी थी। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद टीटीई ने मदद का भरोसा दिलाया और सीट दिलाने के बहाने उसे अपने केबिन में ले गया। आरोप है कि वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
युवती ने किसी तरह आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। इसकी जानकारी मिलते ही आरोपी टीटीई ने ट्रेन के देवरिया के पास पहुंचते ही चलती ट्रेन से कूदकर फरार होने की कोशिश की।
ट्रेन के गोरखपुर पहुंचने पर पीड़िता ने रेलवे पुलिस (जीआरपी) को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच देवरिया जीआरपी को सौंप दी गई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। साथ ही ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों, यात्रियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।
रेलवे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गोरखपुर–अहमदाबाद ट्रेन में हुई इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और रेलवे की निगरानी व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।
