गाजीपुर
ट्रेन में खिलाड़ियों से मारपीट मामले में दो युवक गिरफ्तार
दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। 15132 इंटरसिटी एक्सप्रेस में खिलाड़ियों से मारपीट के मामले में बीती देर शाम आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस टीम ने दुल्लहपुर बाजार की दलित बस्ती से विशाल पुत्र सुरेंद राम और रोशन पुत्र हरिश्चंद्र राम को पूछताछ के लिए कब्जे में लेकर मऊ रवाना किया। वहां दोनों की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। इसकी पुष्टि आरपीएफ प्रभारी अजय सिंह ने की।
बताया जा रहा है कि वाराणसी से गोरखपुर लौट रहे अंडर-15 कबड्डी एवं कुश्ती खिलाड़ियों तथा वीर बहादुर सिंह इंटर कॉलेज के कोच अनीश यादव के साथ सीट को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि मोबाइल फोन से सूचना देने के बाद दुल्लहपुर स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही करीब दस युवक डिब्बे में चढ़ गए और देवरिया जनपद के मदनपुर थाना क्षेत्र के मकई गांव निवासी खिलाड़ी रघुराज प्रताप सिंह पर हमला कर दिया। मारपीट में उनका सिर फट गया।
ट्रेन के मऊ पहुंचने पर घायल खिलाड़ी को उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर में पांच टांके लगाए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर मुख्यमंत्री को टैग कर शिकायत किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गत दोपहर आरपीएफ इंस्पेक्टर मऊ ए.के. सिंह और जीआरपी दुल्लहपुर चौकी प्रभारी ओम शंकर गुप्ता पुलिस बल के साथ दुल्लहपुर पहुंचे और कार्रवाई की।
कोच अनीश यादव ने कहा कि उन्हें ऐसी घटना की उम्मीद नहीं थी। जीआरपी चौकी प्रभारी ओम शंकर गुप्ता ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
