गाजीपुर
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
गाजीपुर। गहमर रेलवे स्टेशन के पूरब दिशा में डाउन लाइन पर पोल संख्या 680/08 के पास रविवार को एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना गहमर रेलवे स्टेशन पर दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भदौरा ले जाया गया।
स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए तलाशी ली, जिसमें उसकी जेब से एक आधार कार्ड और जनरल कोच का टिकट मिला। आधार कार्ड के अनुसार, मृतक की पहचान पंकज राम, निवासी ग्राम मियां का भटकन, जिला सिवान, बिहार के रूप में हुई।
गहमर कोतवाली पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया गया है। कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
