अपराध
झोलाछाप डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर युवती का किया शारीरिक शोषण
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में झोलाछाप डॉक्टर पर एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। युवती ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है। आरोप है कि पुलिस दोनों पक्षों पर सुलह समझौते का दबाव बना रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, जलालपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला आरोपी एक गांव में झोलाछाप डॉक्टर के तौर पर प्रैक्टिस करता है। वहीं क्लीनिक पर आने वाली एक युवती से उसके संबंध बन गए। युवती का आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने कई महीनों तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब युवती ने शादी की बात की, तो आरोपी ने इनकार कर दिया।
युवती ने यह बात परिजनों को बताई और कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की मांग की। हालांकि, तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस सुलह समझौते का प्रयास कर रही है।
मंदिर में पंचायत, लेकिन समझौता नाकाम
ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र के एक मंदिर में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। पहले 3.50 लाख रुपये देकर मामला खत्म करने की बात की गई, लेकिन युवती ने आरोपी के छोटे भाई से शादी कराने की मांग की। इस पर दोनों पक्ष सहमत नहीं हो सके।
युवती के परिवार की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया गया है कि युवती की मां का निधन हो चुका है। उसके पिता ने दो शादियां की थीं, जिससे परिवार में तनाव का माहौल है।
केराकत कोतवाल अवनीश कुमार राय ने बताया कि मामले की जानकारी है, लेकिन अभी तक तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तहरीर मिलने पर तुरंत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
