वाराणसी
ज्वेलरी शॉप से गहने उड़ाने वाली महिला गिरफ्तार
वाराणसी। जिले के पाण्डेयपुर स्थित ए.के. ज्वेलर्स की दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हुई महिला को वाराणसी पुलिस आयुक्तालय की थाना कैण्ट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सर्किल कैण्ट के पर्यवेक्षण में थाना कैण्ट की टीम ने यह कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में पुलिस ने अभियुक्ता को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार महिला की पहचान शीला देवी (42 वर्ष) पत्नी सोनू विश्वकर्मा, निवासी सिकिया थाना नारायनपुर जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना कैण्ट में मु0अ0सं0 0036/2026 धारा 318(4)/305/317(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार 27 जनवरी 2026 को अभियुक्ता पाण्डेयपुर स्थित ए.के. ज्वेलर्स की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंची थी। आभूषण देखने के दौरान जब दुकानदार अन्य ग्राहकों में उलझ गया, तभी उसने मौका पाकर सोने-चांदी के गहने चुरा लिए। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर तलाश शुरू की गई।
गुरुवार को करीब 3:30 बजे संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शिनाख्त और बरामदगी की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शाम लगभग 5:00 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्ता के पास से एक जोड़ी टप्स, एक नथिया, दो जोड़ी कान की बाली, एक जोड़ी कान की छाली, दो अंगूठियां, कुल पीली धातु वजन 16.455 ग्राम तथा एक सफेद धातु का कड़ा वजन 55.380 ग्राम बरामद किया है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, महिला उपनिरीक्षक आरती गोंड़, उपनिरीक्षक बलवंत कुमार और कांस्टेबल अतुल कुमार पांडेय शामिल रहे।
