अपराध
जौनपुर के अस्पताल से बेचा गया नवजात कोलकाता से बरामद, छह आरोपी गिरफ्तार
जयदेश न्यूज़ के खबर का असर
उत्तर प्रदेश की जौनपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नवजात शिशु की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से एक नवजात शिशु और 2 लाख 59 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने थाना जलालपुर क्षेत्र से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में गोरख नाथ चौबे, पूनम गुप्ता, हेमन्ती साह, सीता पाण्डेय, इंद्रिका सिंह और शान्ति देवी शामिल है। पुलिस ने बताया कि, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। इन आरोपियों के खिलाफ थाना जलालपुर में धारा 318(4), 61(2) BNS और 81 जेजे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। नवजात शिशु को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक विजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रामपैत कनौजिया, हेड कांस्टेबल चन्दन सिंह और महिला कांस्टेबल नेहा सिंह शामिल रहें।
जयदेश न्यूज़ के खबर का असर
बता दें कि, इस खबर को जयदेश न्यूज़ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद जौनपुर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और कुछ दिनों के अंदर ही इस मामले में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
