वाराणसी
जीवन के 82वें वसंत में बड़ी दीदी का हुआ नागरिक अभिनन्दन
वाराणसी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय, ग्लोबल लाईट हाउस, सारनाथ द्वारा पहड़िया चंद्रा रोड स्थित कन्हैया विलास में गुरूवार को संस्था की क्षेत्रीय निदेशिका राजयोगिनी ब्र.कु. सुरेन्द्र दीदी का नागरिक अभिनन्दन किया गया। जीवन के 82वें वसंत और आध्यात्मिकता के द्वारा मानवता की बेमिसाल सेवाओं के 66 वें वर्ष पर श्रद्धालुओं ने दीदी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के साथ उनसे आशिर्वाद ग्रहण किया। इस मौके पर ब्र.कु सुरेंद्र दीदी ने कहा कि, “सद्गुण एवं श्रेष्ठ चरित्र ही गौरवशाली जीवन का आधार है।”

अपने अभिनंदन को मार्गदर्शक परमात्मा शिव और श्रद्धालुओं को समर्पित करते हुए राजयोगिनी सुरेन्द्र दीदी ने कहा कि, “सद्गुण ही मानव जीवन का सच्चा श्रृंगार है। सद्गुणों से पूर्ण व्यक्ति का जीवन निखर उठता है। नैतिक और आध्यात्मिक मूल्यों से, श्रेष्ठ चरित्र रूपी आभूषणों से श्रृंगारित नारी को अन्य किसी भौतिक श्रृंगार की जरूरत नहीं। यही हमारी शोभा और शक्तिपुंज है। जिससे हम स्वयं को सुरक्षित, संरक्षित एवं गौरवशाली बना सकते हैं।”

उक्त अवसर पर संस्था के क्षेत्रीय प्रबंधक बी.के. दीपेन्द्र ने कहा कि, “अपने बाल्यकाल से ही परमात्मा शिव प्रदर्शित पथ की अनुगामी बनकर दीदी ने अपना जीवन मानवता की सेवा में न्यौछावर किया। दीदी ने अपने त्याग, तपस्या, पवित्रता एवं सादगीपूर्ण जीवन से लाखों लोगों के जीवन को आलोकित किया है।”


कार्यक्रम का संचालन ब्र.कु. तापोषी बहन ने किया। कार्यक्रम में ए.टी.एस. के डिप्टी एस.पी. विपिन राय, इंडिया टूरिज्म के असिस्टेण्ट डायरेक्टर अमित गुप्ता, सुबह-ए-बनारस के प्रेजीडेण्ट अमित गुप्ता एवं निदेशक रत्नेश वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी ममता यादव, उ.प्र. पर्यटन के सहायक निदशक आर.के. रावत, कन्हैया विलास के अधिष्ठाता पियुष अग्रवाल, वज्र विद्या मंदिर सारनाथ के निदेशक भंते सोनम गुरुंग सहित हजारों की संख्या में लोग मौके पर उपस्थित रहें।
