वाराणसी
जीजा के घर पर साले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
वाराणसी। स्थानीय थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में बीती देर रात एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के कछवां, जोगीपुर गांव निवासी जगदीश पटेल के पुत्र करन पटेल 25 वर्ष अपनी पत्नी वंदना पटेल के साथ अपने बुआ के लड़की मौसम पटेल पत्नी राजेंद्र पटेल के घर लोहता थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव बरही के कार्यक्रम में आया था।
प्रधान हंसलाल सहनी ने बताया कि, बुधवार को राजेंद्र के घर बरही कार्यक्रम समापन होने के बाद, करन ने शराब पीकर पत्नी वंदना के साथ मारपीट की। फिर कुछ समय बाद करन छत पर सोने चला गया था। आशंका जाहिर है कि छत पर रेलिंग ना लगे होने के कारण और नशे में होने की वजह से वह नीचे गिर गया। पड़ोसियों ने जब गिरने के आवाज सुनी तो राजेंद्र के घर सूचना दी। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल कोटवा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए जहां चिकित्सकों ने करन को मृत घोषित कर दिया।
इसकी जानकारी मृतक करण पटेल के परिजनों को हुई तो वह सब दहाड़े मारकर रोने लगें। इसके बाद मृतक के पिता जगदीश पटेल व मां ने घमहापुर गांव पहुंचकर रिश्तेदारों पर हत्या करने का आरोप लगाने लगे। मौके पर पहुंचे थाना लोहता प्रभारी प्रवीण कुमार ने घटनास्थल की जांच फोरेंसिक टीम से कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
