मऊ
जिलाधिकारी ने विकास कार्यों में तेजी और लापरवाही पर काररवाई की चेतावनी दी
जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी की प्रगति को धीमा पाया और संबंधित अधिकारियों को इसमें तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। पर्यटन विभाग द्वारा चलाए जा रहे चार परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए भी आदेश दिए गए। वन विभाग की समीक्षा में वन अधिकारी ने बताया कि वृक्षारोपण हेतु विभागों को शासन द्वारा लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन रिपोर्टिंग की कमी के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित हो रही है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द ही फाइनल रिपोर्ट वन विभाग को उपलब्ध कराई जाए।शिक्षा विभाग के तहत जिलाधिकारी ने निपुण भारत योजना को तेज़ी से लागू करने की बात कही। साथ ही, निराश्रित गोवंश संरक्षण के लिए खंड विकास अधिकारियों को ठंड के मौसम में पशुओं के रहने, खाने और पीने का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजनाओं के तहत मत्स्य अधिकारियों को अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के आदेश दिए गए।
दिव्यांगजनों, विधवाओं और वृद्धाओं के पेंशन के मामले में जिलाधिकारी ने लापरवाही की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी दी। जिला दिव्यांगजन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जो पेंशन संबंधित समस्याएं आ रही हैं, उनका तुरंत समाधान किया जाए और अभियान चलाकर कार्य में प्रगति लाई जाए। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की मृत्यु का सत्यापन कर परिवारों को शासन द्वारा आवंटित धनराशि का लाभ देने के लिए भी जिलाधिकारी ने निर्देश दिए।।
अंत में, जिलाधिकारी ने किसानों का पंजीकरण और फैमिली आईडी के कामों में प्रगति लाने के लिए अभियान चलाने और कैंप लगाने के निर्देश दिए। इस बैठक में जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सुशील कुमार, डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी किरण वर्मा, और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
