गाजीपुर
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनसमस्याओं की सुनवाई, अधिकारियों को दिए निर्देश
गाजीपुर (जयदेश)। जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से तहसील जमानियां में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 42 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
सातों तहसीलों से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार, जनपद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 257 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 41 का तत्काल समाधान किया गया। तहसील सदर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील कासिमाबाद में 21 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 3 का समाधान किया गया।

सेवराई तहसील में 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण हुआ। तहसील जखनियां में 57 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 का समाधान किया गया। तहसील सैदपुर में 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, तहसील मुहम्मदाबाद में तहसीलदार की अध्यक्षता में 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का समाधान मौके पर किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का तत्काल निस्तारण कराया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद एवं आपसी विवाद प्रायः एक ही विषय से संबंधित होते हैं, इसलिए दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर विवादों का समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने तहसील के समस्त लेखपालों को भी निर्देश दिया कि शिकायतकर्ताओं की छोटी-छोटी समस्याओं, जिनका तत्काल निस्तारण संभव है, के लिए किसी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उपजिलाधिकारी जमानियां, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, तहसीलदार जमानियां, क्षेत्राधिकारी जमानियां सहित अन्य जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
