वायरल
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण
संतकबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक कर न्याय सहायक कक्ष, राजस्व अनुभाग, भूलेख अनुभाग, खनन पटल, शिकायत प्रकोष्ठ, अभिलेखागार सहित अन्य कार्यालयों में पहुंचकर कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पत्रावलियों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली और लंबित मामलों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई एवं आम जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में साफ-सफाई, फाइलों के रख-रखाव एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित संचालन पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी पटल व्यवस्थित रहें और अनावश्यक रूप से फाइलें लंबित न रखी जाएं। साथ ही कर्मचारियों को समय से कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से सभी कक्षों व महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और कार्यालयी कार्यों की निगरानी बेहतर ढंग से हो सकेगी।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आम जनता को त्वरित व प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त और जवाबदेह होनी चाहिए।
