वाराणसी
जाम के झाम से निजात दिलाने का सीपी ने बनाया मास्टर प्लान, थानाध्यक्षों को समझाया फॉर्मूला
रिपोर्ट – सुभाष चंद्र सिंह
वाराणसी। कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने रविवार को पुलिस लाइन में यातायात विभाग के पुलिस अधिकारियों और थानाध्यक्षों के साथ मीटिंग की। इसमें शहर में जाम को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने थानाध्यक्षों को जाम से निजात का फार्मूला बताया। सबसे अधिक जाम वाले इलाकों पर फोकस करने के निर्देश दिए। ताकि शहर को जाम मुक्त किया जा सके। ड्यूटी करने के दौरान किसी भी तरह की परेशानी या असुविधा के बारे में भी कमिश्नर ने पुलिसकर्मियों से बात की।

सीपी ने थानाध्यक्षों से उनके क्षेत्र में सबसे अधिक जाम लगने वाले इलाकों के बारे में जानकारी ली। सप्ताह के किन दिनों में अधिक लगता है। जाम दिन में किस समय में अधिक लगता है। जाम लगने के मुख्य कारण के मुख्य कारण अतिक्रमण, दुकानदारों का दुकान के आगे अतिक्रमण, यलो लाइन, जेब्रा लाइन का न होना, खराब सड़क, सड़क पर अवैध निर्माण, साइन बोर्ड का न होना, पुलिस यातायात की ड्यूटी न होना, चौराहों के आसपास ठेला आदि का लगना अथवा अन्य कारण, के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि, चौराहे के आसपास 200 मीटर तक सड़कें अतिक्रणमुक्त रहनी चाहिए। कार्ययोजना तैयार कर अतिक्रमण हटवाएं। यदि इसके बाद भी कोई अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा।यातायात व्यवस्था में लगाए गए पुलिस बल की ड्यूटी प्वाइंट पर अधिकारीगण को ब्रीफिंग की जाए।

थाना प्रभारी यातायात व्यवस्था को दुरूस्त रखने में सहयोग करें। विशेष दिनों व समय पर बेहतर यातायात प्रबंध किए जाएं। ट्रैफिक एडवाइजरी कमेटी के सुझावों पर अमल करें। यदि कोई भी व्यक्ति अनावश्यक रूप से यातायात को बाधित करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ड्यूटी के दौरान जनता के साथ दुर्व्यवहार न किया जाए। ऐसा करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी करने के दौरान धैर्य और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाएं।
इसके अलावा कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि, रोड को वनवे करके, यू-टर्न की व्यवस्था लागू कर, पार्किंग का स्थान निर्धारित कर, अतिक्रमण हटाकर, रोड डिवाइजर बनाकर अथना अन्य तरीके से भी जाम को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने गर्मी में सड़क पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की और उनकी परवाह करते हुए कहा कि, आप लोग अपने साथ पानी और ORS हमेशा साथ रखें। इसके अलावा इस गर्मी के मौसम में अपना विशेष ख्याल रखें।
