Uncategorized
जलनिगम की कार्यशैली पर नपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से की शिकायत, सड़कों की बदहाली का उठाया मुद्दा
मीरजापुर। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने अमृत योजना के तहत जलनिगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों में लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और उन्हें पत्रक सौंपा। नपाध्यक्ष ने अवगत कराया कि नगर क्षेत्र में जलनिगम के कार्यों के कारण प्रमुख सड़कों, लिंक मार्गों और गलियों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
जगह-जगह सड़कें खोद दी गई हैं, लेकिन मरम्मत नहीं कराई जा रही, जिससे गड्ढे बन गए हैं और कार्यों में अनावश्यक देरी हो रही है। इसका सीधा असर आम नागरिकों के साथ-साथ मीरजापुर आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन पर पड़ रहा है, कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि विंध्यधाम शक्तिपीठ होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु नगर में आते हैं, ऐसे में जलनिगम को कार्यों में तेजी लाने और सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए जाना आवश्यक है, ताकि वर्षा ऋतु और आगामी पर्वों से पहले नगर को गड्ढामुक्त बनाया जा सके। मुलाकात के दौरान नपाध्यक्ष ने अन्य विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की और ज्ञापन सौंपा, जिस पर मुख्यमंत्री द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
