गोरखपुर
जमीन पर रखा ट्रांसफार्मर हटाने को ग्रामीणों का हंगामा, विभाग से लगाई गुहार
हरपुर-बुदहट (गोरखपुर)। सहजनवां ब्लाक की ग्राम पंचायत बड़हरा में सड़क किनारे जमीन पर रखा गया 33 केबी का ट्रांसफार्मर स्थानीय लोगों के लिए खतरे का सबब बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस ट्रांसफार्मर की स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।
समस्या से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन कर बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की कि ट्रांसफार्मर को जमीन से ऊपर सुरक्षित ढंग से स्थापित किया जाए और उसके चारों ओर बाड़ लगाई जाए, ताकि संभावित हादसों से बचाव हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

प्रदर्शन में गिरिजेश सिंह, रुप नारायण गुप्ता, गनेश गुप्ता, राम मिलन गौतम, रमेश गुप्ता, उमेश गुप्ता और अमरनाथ सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में अवर अभियंता सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ट्रांसफार्मर वास्तव में जमीन पर रखा गया है तो वह इसे दिखवाकर आवश्यक कार्रवाई कराएंगे।
