गाजीपुर
जमीनी विवाद में दो पक्षों में मारपीट, महिला बेहोश; छह पर मुकदमा दर्ज
दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के धर्मागतपुर पाही गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला के बेहोश होने की सूचना है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जमीन बंटवारे का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि विवादित जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर सुबह कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मारपीट में अरविंद यादव, राजकली यादव, प्रीति यादव, परी यादव समेत अन्य लोगों को चोटें आईं, जबकि रेखा यादव के बेहोश होने की बात सामने आई है।
दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। हरिश्चंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने अरविंद यादव, शिवमंगल, अंजू, रेखा, राजमली और रविंद सहित छह लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) व 118(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है तथा घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
