गाजीपुर
जमानिया स्टेशन बाजार के गांधी चौक पर जाम के झाम से राहगीर परेशान
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। स्टेशन बाजार स्थित गांधी चौक इन दिनों लगातार लगने वाले भीषण जाम से जूझ रहा है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि रोज़ाना यात्रियों की ट्रेन तक छूट जा रही है। स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से समय पर निकल पाना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है।

स्थानीय राहगीरों अनिल कुमार, रमेश और अवधेश ने बताया कि जाम की समस्या दिन-ब-दिन विकराल रूप ले रही है। सब्ज़ी मंडी बाजार में आधी-अधूरी बनी सीसी रोड, गांधी चौक से स्टेशन रोड और गांधी चौक से राधा कृष्ण मंदिर तक दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान फैलाकर बैठ जाना आम हो गया है। कई सब्ज़ी विक्रेता बीच सड़क पर ही वाहन खड़े कर लोडिंग–अनलोडिंग करते हैं। ऊपर से ई-रिक्शा, टेम्पो और निजी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग ने हालात और बिगाड़ दिए हैं।
इन सब वजहों से सड़क पर दिनभर जाम लगा रहता है और आवागमन ठप हो जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और संबंधित अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाए, अवैध अतिक्रमण हटे, पार्किंग की व्यवस्था तय हो और अधूरी सीसी रोड का काम पूरा कराया जाए—ताकि बाजार और स्टेशन रोड पर सुचारू आवागमन बहाल हो सके।
