गाजीपुर
जमानिया ब्लॉक में जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह व खिचड़ी सहभोज का हुआ आयोजन
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। स्थानीय ब्लॉक परिसर में सोमवार को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा की ओर से जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं खिचड़ी सहभोज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास में योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला पंचायत सदस्य आकाश यादव, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक कृति श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी राम सजन नागर सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधानों को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्रम, डायरी व कलम भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के उपरांत मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर सभी आगंतुकों को दही-चूड़ा खिलाकर पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान बैंक, स्वास्थ्य, विकास खंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
खंड विकास अधिकारी अरविंद यादव ने शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र लोगों से लाभ उठाने की अपील की। यूनियन बैंक शाखा प्रबंधक कृति श्रीवास्तव ने बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय सुरक्षा पर प्रकाश डाला। वहीं एडीओ कृषि दीपक कुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं कृषि सब्सिडी योजनाओं की जानकारी देकर किसानों को जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य धनंजय कुशवाहा ने किया।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रुद्रकांत सिंह, ग्राम प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष मदन यादव, रजनीकांत यादव एवं योगेंद्र राम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
