खेल
चेन्नई सुपर किंग्स ने दर्ज की रोमांचक जीत, हैदराबाद को बड़े अंतर से हराया
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने होम ग्राउंड पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 78 रनों के बड़े अंतर से हराया। चेन्नई के लिए एक बार फिर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार पारी खेली। सीएसके ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 212 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 18.5 ओवर में 134 रन पर ही सिमट गई।

चेन्नई सुपर किंग्स ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 212 रन बनाए हैं। इस दौरान टीम ने सिर्फ 19 के स्कोर पर अपना पहला विकेट अचिंक्या रहाणे के रूप में खो दिया था। इसके बाद कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और डेरिल मिचेल ने मिलकर पारी को संभाला और दोनों ने काफी तेजी से बल्लेबाजी शुरू कर दी। डेरिल मिचेल 32 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन दूसरी छोर से गायकवाड़ ने टीम की पारी को संभाले रखा। इसके बाद उन्होंने शिवम दुबे के साथ साझेदारी की और इस मैच में दुबे ने 20 गेंदों पर 39 और गायकवाड़ ने 54 गेंदों पर 98 रनों की पारी खेली। वह अपने शतक से थोड़े से चूक गए।


जीत के लिए 213 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को जीत दिलाने की अहम जिम्मेदारी ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी पर थी। लेकिन दूसरे ओवर में तुषार देशपांडे ने लगातार दो गेंद पर ट्रेविस हेड (13) और अनमोलप्रीत सिंह (0) को आउट करके हैदराबाद को बैकफुट पर धकेल दिया। ऐसे में हैदराबाद का स्कोर 2 ओवर में 2 विकेट पर 21 रन हो गया। तुषार की विकेटों की भूख यहीं नहीं थमी उन्होंने अपने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर अभिषेक शर्मा को भी मोईन अली के हाथों कैच कराकर हैदराबाद को तीसरा झटका दिया और बैकफुट पर धकेल दिया।
