Connect with us

गोरखपुर

चिलुआताल हत्या कांड में चार आरोपी गिरफ्तार, तीन बाल अपचारी अभिरक्षा में

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चिलुआताल पुलिस को हत्या के एक मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल और एक अर्टिगा कार बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण में थाना चिलुआताल पुलिस टीम ने एसओजी, एंटीथेफ्ट, सर्विलांस और साइबर सेल के साथ संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान मुकदमा संख्या 98/2026 से जुड़े अभियुक्त विशाल सिंह, सोनू यादव उर्फ बल्ले यादव, देवेन्द्र कुमार और छोटू उर्फ मानवेन्द्र को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय मौके पर मौजूद सभी सात युवक आपस में मित्र थे और एक-दूसरे से घनिष्ठ संबंध रखते थे। बातचीत के दौरान अभियुक्त विशाल ने अपने पास मौजूद असलहे को दोस्तों के बीच दिखाया। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो वहां मौजूद अरुण को लग गई। गंभीर रूप से घायल अरुण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों तथा टीमवर्क के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।

इस संयुक्त कार्रवाई में थाना चिलुआताल पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध असलहों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Advertisement

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अपराधियों में हड़कंप और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page