गोरखपुर
चालीस वर्षों की राष्ट्रसेवा के बाद ITBP जवान महेंद्र प्रताप का गोला क्षेत्र में हुआ ऐतिहासिक स्वागत
युवाओं को दिया देशभक्ति और अनुशासन का संदेश
गोलाबाजार (गोरखपुर)। जनपद गोरखपुर के दक्षिणांचल क्षेत्र अंतर्गत गोला तहसील की ग्राम पंचायत नवली के निवासी श्री महेंद्र प्रताप का 40 वर्षों की गौरवशाली राष्ट्रसेवा के उपरांत सेवानिवृत्ति पर सोमवार तड़के भव्य स्वागत किया गया। सीमा सुरक्षा में अग्रिम पंक्ति की भूमिका निभाने वाली भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल में दीर्घकालीन सेवा के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों व दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्रों में कर्तव्यनिष्ठा के साथ योगदान दिया।
31 जनवरी 2026 को औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त होने के पश्चात उनके गांव आगमन पर पारिवारिकजनों, ग्रामीणों तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने पुष्प-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां लोगों ने देशसेवा के इस गौरवशाली अध्याय का साक्षी बनकर सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम के अंत में महेंद्र प्रताप ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि देशसेवा केवल वर्दी तक सीमित नहीं, बल्कि ईमानदारी, अनुशासन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व से जुड़ा जीवन-दर्शन है। उन्होंने नवयुवकों और बच्चों से राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव अपनाने, सही दिशा-दशा तय करने तथा समाज और देश की सेवा में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। उनके प्रेरक संबोधन ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया।
इस अवसर पर परिवार व गांव-क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में रविंद्र प्रताप, रूद्र प्रताप, शिवम् पाण्डेय, अनूप पाण्डेय, अभय पाण्डेय, अश्वनी पाण्डेय, अमरेंद्र पाण्डेय, सत्यप्रकाश मिश्र, अभिषेक त्रिपाठी, धर्मेंद्र यादव (ग्राम प्रधान, नवली), गौरी पाण्डेय, वेदप्रकाश पाण्डेय, केदार पाण्डेय, हरी प्रकाश पाण्डेय, शास्त्री पाण्डेय, विनय पाण्डेय तथा घनश्याम पाण्डेय, भानू प्रताप पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और आम जनमानस मौजूद रहे।
राष्ट्रसेवा की मिसाल बने महेंद्र प्रताप का यह सम्मान समारोह न केवल गांव नवली, बल्कि पूरे गोला क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा। देशभक्ति, अनुशासन और सेवा-भाव का यह संदेश आने वाली पीढ़ियों के लिए पथ-प्रदर्शक सिद्ध होगा।
