वाराणसी
चाट विक्रेता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थानाक्षेत्र के कछवांरोड चौराहा के पास होली की रात एक चाट विक्रेता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि चर्चा है कि दुकानदार पिछले कई दिनों से तनाव में था।
बताया गया कि मिर्जामुराद थानांतर्गत कछवांरोड (ठटरा) गांव निवासी श्यामलाल मोदनवाल का इकलौता पुत्र संदीप मोदनवाल (36) ठेले पर चाट और गोलगप्पा की दुकान लगाकर अपना जीवनयापन करता था। होली के दिन वह अपनी पत्नी को ससुराल से लेकर घर लौटा था। इसके बाद रात में वह दोस्तों से मिलने के बाद घर पहुंचा और पत्नी तथा बच्चों के साथ कमरे में सो गया।
रात के दौरान किसी समय वह कमरे से सटे किचन में चला गया और कुर्सी पर खड़े होकर पंखे की कुंडी में गमछे के सहारे फांसी का फंदा लगाकर लटक गया। गुरुवार सुबह जब उसकी पत्नी अंजली की नींद खुली और वह किचन में पहुंची तो पति को फांसी के फंदे से लटका देख स्तब्ध रह गई। शोर सुनकर स्वजन भी मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय, कछवांरोड चौकी प्रभारी रामचन्द्र यादव तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी अंजली, पुत्र यश (13) और पुत्री परी (8) हैं। संदीप की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार भी मौके पर जुट गए।
