गाजीपुर
ग्राहकों को लेकर मीट विक्रेताओं में चाकूबाजी, तीन घायल
सैदपुर (गाजीपुर) जयदेश। जिले के सैदपुर नगर में ग्राहकों को लेकर दो मीट विक्रेताओं के बीच हुए विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मीट काटने वाले छूरे से हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर भिजवाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पक्ष से मिथुन इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके भाई सलीम को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से शहाबुद्दीन के शरीर पर भी कई जगह छूरे के घाव लगे हैं। चिकित्सकों की देखरेख में तीनों का इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच ग्राहकों को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और आए दिन तकरार होती रहती थी। बताया जा रहा है कि यह घटना उसी पुरानी रंजिश का परिणाम है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
