अपराध
ग्राम प्रधान, लेखपाल और कानूनगो की मिलीभगत से दबंग कर रहे दो दशक पुराने चक मार्ग पर अवैध कब्जे का प्रयास
आइजीआरएस पोर्टल पर भी लगा रहे राजस्व कर्मी गलत रिपोर्ट
जौनपुर। जनपद के चंदवक थाना अंतर्गत देवराई गांव के लोगों ने एसडीएम केराकत को प्रार्थना पत्र देकर गांव के दबंग और मनबढ़ व्यक्तियों की शिकायत की है जो ग्राम प्रधान और लेखपाल की मिलीभगत से गांव में 20 साल पुराना खड़ंजा मार्ग (चक मार्ग) पर मिट्टी डालकर उसे अवरुद्ध कर रहे हैं। जिसकी वजह से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रार्थी संतलाल पुत्र पन्नालाल यादव ने बताया कि, विपक्षीगण काफी मनबढ़ व फरेबी किस्म के लोग हैं। वह किसी भी समय अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। यहां तक कि हमने इस मामले की शिकायत आइजीआरएस पोर्टल पर भी किया। लेकिन लेखपाल ने दबंगों के डर से पोर्टल पर गलत रिपोर्ट लगाकर मामले का निस्तारण संदर्भित किया। यह सभी दबंग बिना किसी सक्षम कोर्ट के आदेश के अपनी मनमानी कर रहे हैं।

हम समस्त ग्रामीणों का एसडीएम से निवेदन है कि 20 साल पुराने खड़ंजे मार्ग को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराकर आवागमन चालू करायें और अवैध अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध लोक संपत्ति सुरक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की कृपा करें।
