वाराणसी
ग्रामीण पत्रकारों ने चुना अपना नया नेता, महेन्द्र नाथ सिंह बने प्रदेश अध्यक्ष
वाराणसी के पटेल धर्मशाला में रविवार को सिर्फ एक चुनाव नहीं हुआ, बल्कि पत्रकारिता के जज़्बे और संगठन के विश्वास का उत्सव मनाया गया। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव में पत्रकारों ने एकजुट होकर महेन्द्र नाथ सिंह को अपना नया सेनापति चुना। उन्होंने वर्तमान अध्यक्ष सौरभ कुमार को 71 मतों के अंतर से हराते हुए 171 वोटों के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
सुबह 9 बजे शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया दोपहर तक मतदान तक पहुंची, जिसमें 310 में से 254 मत डाले गए। परिणामों ने साफ संदेश दिया कि सच्चाई, समर्पण और ईमानदार नेतृत्व ही संगठन की असली ताकत है।
संगठन के अन्य पदों पर भी नए नेतृत्व का चयन हुआ। उपाध्यक्ष के रूप में कैप्टन वीरेंद्र सिंह, रामनरेश चौहान और ओमप्रकाश द्विवेदी को चुना गया। महामंत्री पद पर डॉ. संजय कुमार द्विवेदी, केजी गुप्ता और नरेश पाल सिंह ने पदभार संभाला। प्रदेश सचिव नागेश्वर सिंह, ऑडिटर हौसिला प्रसाद त्रिपाठी और संगठन मंत्री अजय भाटिया निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चुनाव की प्रक्रिया को गरिमा और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने में निर्वाचन अधिकारी डॉ. केएन राय और हरिद्वार राय की भूमिका सराहनीय रही।
उत्तर प्रदेश के 60 जिलों से आए पत्रकारों की उपस्थिति ने इस आयोजन को एक आंदोलन का रूप दे दिया। गोरखपुर मंडलाध्यक्ष जेपी गोविंद राव, आलोक तनेजा, अतुल कपूर, विपिन शाही, वीरभद्र प्रताप सिंह समेत कई वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति ने माहौल को और गरिमामयी बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष वाराणसी राजकुमार तिवारी ने सभी सदस्यों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संगठन एक परिवार है, जहाँ पद नहीं परिश्रम बोलता है। महेन्द्र नाथ सिंह की जीत हम सबकी जीत है यह पत्रकारिता की जीत है।
