Connect with us

गोरखपुर

गोरखपुर में सीएम की परंपरागत होली शोभायात्रा को लेकर हाई अलर्ट

Published

on

Loading...
Loading...

घंटाघर क्षेत्र में प्रशासन का फ्लैग मार्च

गोरखपुर। होली पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परंपरागत फूलों की होली शोभायात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कार्यक्रम से पूर्व घंटाघर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में उच्चाधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का खाका अंतिम रूप दिया।

निरीक्षण में एस. चनप्पा (डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र), दीपक मीणा (जिलाधिकारी) और डॉ. कौस्तुभ (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) स्वयं मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जुलूस मार्ग, प्रमुख चौराहों, छतों की स्थिति, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल और आपातकालीन निकास मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया। सुरक्षा एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीआईजी एस. चनप्पा ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष नजर रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से भी निगरानी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि भीड़ में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई हो सके।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने नगर निगम और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि घंटाघर क्षेत्र में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और सड़क मरम्मत की व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए। जुलूस मार्ग पर अतिक्रमण हटाने और भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।

Advertisement

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट किया कि जुलूस मार्गों पर प्रभावी बैरिकेडिंग होगी और छतों पर अनधिकृत रूप से लोगों के चढ़ने पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी पुलिस बल कुछ समय तक तैनात रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अप्रिय घटना की आशंका न रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों से संवाद भी किया। व्यापारियों से दुकानों के बाहर सामान न रखने, सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। व्यापारियों ने भी पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

गौरतलब है कि इस वर्ष होली का पर्व रमजान माह में पड़ रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश दिए हैं। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रेम, सौहार्द व भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम और होली पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page