Connect with us

गोरखपुर

गोरखपुर मंडल में आयकर विभाग के सर्च ऑपरेशन में नेपाल कनेक्शन के मिले साक्ष्य

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में आयकर विभाग द्वारा गोरखपुर मंडल में चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। गोरखपुर और कुशीनगर के बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर जारी इस कार्रवाई में शुक्रवार को गोलघर क्षेत्र में खाद्य तेल के एक बड़े कारोबारी के आवास और कार्यालय पर छापा मारा गया। बताया जा रहा है कि कारोबारी के नेपाल में बड़े पैमाने पर ट्रेडिंग करने के ठोस साक्ष्य मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

आयकर के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में मंगलवार से शुरू हुए इस सर्च ऑपरेशन में 220 से अधिक अधिकारी शामिल रहे। गोरखपुर मंडल के गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और महराजगंज जिलों में एक साथ छापेमारी की गई। देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज में जांच पूरी कर आयकर की टीमें महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ गोरखपुर लौट चुकी हैं।

जांच के दौरान कारोबारियों से पूछताछ में नेपाल से जुड़े खाद्य तेल के कारोबार और रियल एस्टेट में बड़े पैमाने पर लेनदेन की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि गोलघर के कारोबारी का बरगदवा स्थित एक कारोबारी से सीधा व्यावसायिक संबंध है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ है कि आटोमोबाइल, रियल एस्टेट, शराब और साल्वेंट कारोबारियों ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रियल एस्टेट में कई अनियमितताएं की हैं।

शुक्रवार को मेडिकल रोड स्थित एक शोरूम, गोलघर स्थित आवास व कार्यालय, सूबा बाजार के शराब गोदाम और गीडा में एक उद्यमी की फैक्ट्री में आयकर टीम की जांच जारी रही। गोलघर, बरगदवा और गीडा को छोड़ अन्य सभी ठिकानों पर सर्च पूरा हो चुका है। आयकर सूत्रों के अनुसार, सर्च ऑपरेशन शनिवार को पूरी होने की संभावना है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page