वाराणसी
गिरफ्तारी के मुद्दे पर युवा कांग्रेस का विरोध, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
वाराणसी। 28 फरवरी को महानगर युवा कांग्रेस के तत्वावधान में आयोजित “पीएम कम्प्रोमाइज” कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय के घेराव के लिए शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला गया। हालांकि प्रशासन ने मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय के नीचे भारी पुलिस बल तैनात कर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस द्वारा बलपूर्वक रोके जाने के कारण युवा कांग्रेसजन प्रधानमंत्री कार्यालय तक नहीं पहुंच सके।
मार्च के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और संविधान की प्रस्तावना लेकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए शामिल हुए। प्रशासन की ओर से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दिए जाने पर माननीया महामहिम राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन मौके पर मौजूद अधिकृत अधिकारी को सौंप दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा ने की।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से निकाले जा रहे मार्च को रोकना सरकार की असहिष्णु मानसिकता को दर्शाता है और यह लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास देश के युवाओं को स्वीकार नहीं है। कांग्रेस पार्टी सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है और जब भी सरकार ने अन्यायपूर्ण कदम उठाए हैं, कांग्रेस ने जनता की आवाज बनकर संघर्ष किया है। उन्होंने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब जी को जेल भेजे जाने को लोकतांत्रिक परंपराओं के विरुद्ध बताया।
महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना युवाओं का मौलिक अधिकार है, जिसे संविधान ने प्रदत्त किया है। उन्होंने कहा कि एआई समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शालीनता और लोकतांत्रिक दायरे में अपनी मांगें और चिंताएं रखीं, इसके बावजूद सरकार द्वारा द्वेषपूर्ण कार्रवाई करते हुए अनेक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदयभानु चिब जी की गिरफ्तारी को उन्होंने चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय तक जाने से रोका गया, तब लोकतांत्रिक परंपरा निभाते हुए राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया और संवैधानिक हस्तक्षेप की मांग की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दमनात्मक रवैया बंद नहीं हुआ और गिरफ्तार साथियों को अविलंब रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा, मयंक चौबे, ओम शुक्ला, अनुपम राय, धीरज सोनकर, मो जिशान, विनीत चौबे, महेश चौबे, अरुणेश सिंह, अनिल चौधरी, किशन यादव, ऋषभ दुबे, मुरारी पांडेय, अनिल पटेल, प्रमोद यादव, अभिषेक पटेल सहित अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
