गाजीपुर
गाजीपुर में ‘कैरियर गाइडेन्स प्रोग्राम फार गर्ल्स’ का प्रशिक्षण सम्पन्न
गाजीपुर (जयदेश)। समग्र शिक्षा (माध्यमिक) की वार्षिक कार्य योजना एवं बजट 2024-25 के अंतर्गत जनपद गाजीपुर के 28 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के लिए ‘कैरियर गाइडेन्स प्रोग्राम फार गर्ल्स’ के प्रशिक्षण की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके तहत विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक एवं नामित नोडल शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे।
इस क्रम में, 8 और 9 जनवरी 2025 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महुआबाग गाजीपुर में एक दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के 28 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक एवं नामित नोडल शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन जनपद स्तर पर नामित मास्टर ट्रेनर्स, पूर्णेंदु (प्रवक्ता, राजकीय सिटी इंटर कॉलेज) और शैलेन्द्र कुमार (स०अ०, राजकीय हाई स्कूल, कटरियां) द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक श्री भास्कर मिश्र, सहजिला विद्यालय निरीक्षक श्री अरविंद कुमार, वित्त एवं लेखाधिकारी (मा०) जिला विद्यालय निरीक्षक श्री सी० चन्द्रशेखरन्, तथा प्रधानाचार्य श्री दिनेश कुमार यादव ने रोजगारपरक शिक्षा और कैरियर के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक श्री कुश कुमार राय द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्यगण, प्रधानाध्यापकगण और अन्य शैक्षिक कार्मिक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र के समापन पर कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए ‘कैरियर गाइडेन्स प्रोग्राम फार गर्ल्स’ का सफलतापूर्वक समापन किया गया।
