गाजीपुर
गाजीपुर के दुर्गेश पांडेय ने बढ़ाया जिले का मान, ब्राज़ील के राष्ट्रपति के आधिकारिक दुभाषिया बने
गाजीपुर (जयदेश)। जनपद के गड़ईपुर गांव के निवासी दुर्गेश पांडेय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दुर्गेश पांडेय, जो प्रमोद कुमार पांडेय एवं सुधा पांडेय के सुपुत्र तथा रामप्रसाद पांडेय और लीलावती पांडेय के पौत्र हैं, ने हाल ही में ब्राज़ील के राष्ट्रपति Luiz Inácio Lula da Silva (लूला दा सिल्वा) के भारत दौरे के दौरान उनके आधिकारिक दुभाषिया (पुर्तगाली-हिंदी-अंग्रेज़ी) के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राष्ट्रपति लूला 18 फरवरी को भारत पहुंचे, जहां उन्होंने एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लिया। इसके बाद 20 और 21 फरवरी को उनका राजकीय दौरा संपन्न हुआ। इस दौरान भारत और ब्राज़ील के बीच कई उच्चस्तरीय बैठकों का आयोजन हुआ। विशेष रूप से प्रधानमंत्री Narendra Modi और राष्ट्रपति लूला के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इन अहम बैठकों के अतिरिक्त विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों के साथ भी राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल की बैठकें आयोजित हुईं, जिनमें दुर्गेश पांडेय ने आधिकारिक दुभाषिया के रूप में संवाद सेतु की भूमिका निभाई। उनकी भाषा दक्षता, कूटनीतिक समझ और पेशेवर अनुभव ने उन्हें भारत में पुर्तगाली भाषा के अग्रणी दुभाषियों में स्थान दिलाया है।
यह दूसरी बार है जब दुर्गेश पांडेय ने भारत में ब्राज़ील के राष्ट्रपति के प्रतिनिधिमंडल की सेवा की है। इसके अलावा वे ब्राज़ील से भारत आने वाले अधिकांश मंत्री स्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के साथ भी दुभाषिया के रूप में कार्य कर चुके हैं।
गांव के एक साधारण परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गाजीपुर जनपद और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। दुर्गेश पांडेय की यह उपलब्धि ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है, जो यह दर्शाती है कि कठिन परिश्रम, शिक्षा और समर्पण के बल पर वैश्विक स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।
