चन्दौली
“गांव के विकास से ही संभव होगा देश का विकास” : दर्शना सिंह
चंदौली (जयदेश)। सरकार की स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामों का घरौनी प्रमाण पत्र डिजिटल वितरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा शनिवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में घरौनी वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्य सभा सांसद दर्शना सिंह व जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे, अपर जिलाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर हर्षिका सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।
तत्पश्चात उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण लाभार्थियों के साथ देखा व सुना। राज्य सभा सांसद दर्शना सिंह ने सभी लोगों को स्वच्छता के प्रति और नशामुक्ति के लिए शपथ दिलाई गई। स्वामित्व योजना के तहत जनपद में लगभग 34098 घरौनियों का वितरण किया गया। विगत कुछ दिनों पहले कार्यक्रम के दौरान 11605 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है।
राज्य सभा सांसद ने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को उनके घरों के मालिकाना हक का दस्तावेज घरौनी मिलेगा। यह खतौनी की तरह ही घरों के लिए एक कानूनी दस्तावेज है। इससे ग्रामीणों को अपने घरों पर बैंक से कर्ज लेने में मदद मिलेगी। गांवों में आबादी को लेकर विवाद होते रहते है। इसके निस्तारण के लिए सरकार द्वारा ड्रोन के माध्यम से सर्वे कराकर उन्हे मालिकाना हक देने का कार्य किया गया है। केन्द्र और राज्य सरकार किसानों के हित को लेकर चिन्तित है। जब गांव विकसित होगे तभी देश विकसित होगा।
वहीं, डीएम ने स्वामित्व योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि घरौनी प्रमाण पत्र मिलने से ग्रामीणों को न केवल संपत्ति का वैध अधिकार मिलेगा। बल्कि इससे राजस्व विवाद भी कम होंगे और बैंको के द्वारा आसानी से लोन मिल सकेगा। इससे लोग स्वरोजगार व व्यवसाय शुरू कर सकते है।
जनपद के तहसील और ब्लाकों में भी घरौनी वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद दर्शना सिंह व जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण भी किया गया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख संजय सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
