अपराध
गवना कार्यक्रम में युवक पर हमला, नकदी और सोने की चेन लूटी
देवरिया। जिले के भटनी थाना क्षेत्र के बनकटा गांव में गवना कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर हमला कर लूट की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के धनेती राय निवासी विवेक कुमार यादव की शादी दो वर्ष पहले बनकटा गांव में हुई थी। 19 फरवरी को गवना की रस्म के लिए वह अपने परिजनों के साथ गांव पहुंचा था। रात करीब 11 बजे विवेक ने अपने चचेरे भाई प्रज्ञानंद यादव (22) को मोबाइल लेकर लड़की के घर जाने के लिए भेजा।
रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो-तीन अज्ञात हमलावरों ने युवक को घेरकर डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके पास मौजूद लगभग 35 हजार रुपये नकद और गले की सोने की चेन लूट ली। बुरी तरह घायल युवक को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
