पूर्वांचल
गंगा में उतराई मिली युवती की लाश
मिर्जापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के केवटाबीर गांव के सामने गंगा में घाट किनारे पानी मे शनिवार की शाम एक लाश उतराया हुआ दिखाई दिया। गंगा किनारे अपने खेत की सब्जी के रखवाली करने वाले किसानों ने देखा तो स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर तत्काल हल्का इंचार्ज दरोगा फूल कुमार राय घाट पर पहुंचे। शव को पानी से बाहर निकलवा कर थाने ले आए। शव की पहचान अभी नहीं हो पायी है, शव को देखने से लग रहा है कि चार पांच दिन पहले से ही लाश पानी में थी।
अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए और विधिक कार्रवायी के लिए थाना प्रभारी संजीत बहादुर सिंह को निर्देशित किया।वहीं एएसपी ने बताया कि, केवटावीर धोबियाना बस्ती के पास गंगा नदी के किनारे एक अज्ञात युवती का शव होने की सूचना पर पुलिस उच्चाधिकारी व थाना कछवां पुलिस बल द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया ।
प्रथम दृष्टया मृतका की उम्र करीब-20 वर्ष प्रतीत हो रही है जो गुलाबी रंग की कमीज तथा काले रंग की लैगी धारण की है, शरीर पर कोई जाहिरा चोट का निशान नहीं है फॉरेंसिक टीम अपने मौके से साक्ष्य इकट्ठा किया। थाना कछवां पुलिस द्वारा मृतका के शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास कराते हुए नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
