गाजीपुर
गंगा नदी में उतराया मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) जयदेश। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा के समीप गंगा नदी में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार, 5 मार्च 2026 को कुछ ग्रामीणों ने सेमरा के पास गंगा नदी में एक शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। युवक ने काले रंग की जींस पैंट, हरे रंग की गोल गले की शर्ट और एक जैकेट पहन रखी थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि अज्ञात युवक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही थाने में गुमशुदगी से संबंधित सूचना भी दर्ज कर ली गई है, ताकि यदि कहीं से कोई जानकारी मिलती है तो पहचान कराई जा सके।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस अज्ञात युवक के बारे में कोई जानकारी हो तो वह कोतवाली के सीयूजी नंबर 9454403458 पर संपर्क कर सूचना दे सकते हैं। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
