गाजीपुर
गंगा किन्नर हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर
नदगंज (गाजीपुर) जयदेश। गंगा किन्नर हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपित बिट्टू किन्नर का अब तक कोई ठिकाना नहीं मिल पाया है। पुलिस की स्वाट, सर्विलांस और मुखबिरों की टीम लगातार लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है, लेकिन बिट्टू और उसके सहयोगियों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ होने से अब तक सफलता नहीं मिली है।
किन्नरों से पूछताछ जारी
सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब नामजद मुकदमे में दर्ज अन्य किन्नरों को बुलाकर बिट्टू के ठिकाने के बारे में जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में रमावती किन्नर ने शुरुआत में बिट्टू से पिछले दो-तीन महीने से कोई बातचीत न होने का दावा किया, लेकिन पुलिस की घुमावदार पूछताछ के बाद कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की जानकारी सामने आई है।
गौरतलब है कि, 29 दिसंबर को गंगा किन्नर की हत्या हुई थी, जिसके बाद बिट्टू किन्नर और उसके सहयोगी भूमिगत हो गए। इस मामले में पुलिस ने अब तक एक बाल अपचारी सहित पांच लोगों को जेल भेजा है, लेकिन बिट्टू और अन्य फरार आरोपितों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गाजीपुर क्षेत्र में किन्नरों के साथ रहने वाली बिट्टू के स्थानीय नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।
वाराणसी निवासी बिट्टू किन्नर इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता मानी जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में मिले नए सुराग जल्द ही आरोपितों को पकड़ने में मददगार साबित होंगे।
