गाजीपुर
गंगा किन्नर का साम्राज्य चांदनी को सौंपने की कोशिश
गाजीपुर (जयदेश)। जिले के नन्दगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर निवासी हर्ष उपाध्याय उर्फ गंगा किन्नर की गोली मारकर की गई हत्या के बाद जहां पांच आरोपित जेल में हैं, वहीं अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है। इस बीच गंगा किन्नर के परिजन उनका स्थान चांदनी किन्नर को देने की कोशिश कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गंगा किन्नर ने कुछ महीने पहले चांदनी किन्नर से विवाह किया था और चांदनी भी गंगा के परिवार के साथ ही रहती हैं। हाल ही में जब गंगा किन्नर की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नेता लाल बिहारी यादव, सपा विधायक जैकिशन साहू और अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त करने बरहपुर का दौरा किया, तो गंगा के परिजन बार-बार चांदनी किन्नर को ही बुला रहे थे।
चांदनी ने कहा कि गंगा उनके गुरु थे और वे उनके साथ ही परिवार में रहती थीं। अब वह लोग उनके साथ न्याय करें और गंगा के बूढ़े माता-पिता का भी ध्यान रखें। स्थानीय लोग अब चांदनी किन्नर को गंगा के पिता गणेश उपाध्याय की बहू मान रहे हैं। परिजनों और शुभचिंतकों द्वारा जब भी शोक व्यक्त करने या सवाल पूछने कोई आता है, तो चांदनी को ही आगे किया जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता जा रहा है कि गंगा के साम्राज्य को चांदनी के नाम पर स्थापित करने की कोशिश हो रही है। गंगा के सहयोगी किन्नर भी इस पहल का समर्थन कर रहे हैं।
गांव के लोग गंगा किन्नर को एक पशु प्रेमी, दुखी और गरीबों की मदद करने वाले शख्स के रूप में याद कर रहे हैं। गंगा ने अपने घर पर बड़ी संख्या में पशु-पक्षियों का पालन-पोषण किया और इसके लिए कई नौकरों को नियुक्त किया, जिन पर हजारों रुपये प्रतिमाह खर्च करते थे। गंगा अपने पालतू जानवरों और पक्षियों से सुबह उठकर पहले मिलते और उनका ध्यान रखते थे। इसके अलावा, उन्होंने कुछ महीने पहले दो लाख रुपये खर्च कर एक घोड़ा भी खरीदा था, जिसे उनकी देखभाल के लिए अलग से व्यक्ति रखा गया था। गंगा के मरने के बाद उनके घर पर पाले गए सभी जानवर व पक्षी असहाय और मायूस लग रहे हैं।
इस बीच, गंगा के साम्राज्य की सहयोगी रानी किन्नर ने धन के लालच में गंगा की विरोधी बिट्टू किन्नर से हाथ मिलाकर उनकी हत्या कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है जिससे इलाके में भारी आक्रोश है।
गौरतलब है कि 29 दिसंबर को गंगा किन्नर उर्फ हर्ष उपाध्याय को नन्दगंज बाजार में दिन-दहाड़े कपड़ा खरीदते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में संयुक्त पुलिस टीम ने हाल ही में रानी किन्नर, सत्यम राम, अजय राम, और मिथिलेश यादव को जेल भेज दिया है, जबकि सिहोरी गांव के एक बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। नन्दगंज थानाध्यक्ष कमलेश कुमार का कहना है कि अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय है और मुखबिरों की मदद से कार्रवाई की जा रही है।
